रविवार, 22 नवंबर 2026

वो तो परायी घर से आयी है.....


वो तो परायी घर से आयी है

प्रो. मनोज कुमार

सुबह सुबह क्या, दिन में कई-कई बार नोंकझोंक पत्नी-पति में होना स्वाभाविक है। एक उलाहना लगभग सभी घरों में सुनने को मिलेगर जब पत्नी कहती है-मैं तो परायी हूँ। घर को संवारने से लेकर बच्चों को संस्कार और परिवरिश देने वाली स्त्री उम्र के आखिरी पड़ाव तक स्वयं को पराया मानकर चलती है। मेरी पत्नी ने जब सुबह-सुबह यह उलाहना दिया तो मुझे झकझोर गया। सच यह है कि इसके पहले भी उसने दसियों बार कहा होगा लेकिन मन को यह बात नहीं लगी लेकिन आज सोचने पर विवश हो गया। इसका एक मोटामोटी कारण सोनिया गांधी की किताब के बरक्स बार-बार उन्हें विदेशी महिला का संबोधन सुनकर इस बात को और पत्नी के उलाहने को सुनकर सोचने के लिए विवश हो गया। आखिर ऐसा क्या है कि लगभग पूरी जवानी और उम्र्र की इस दहलीज पर खड़ी स्त्री स्वयं को परायी समझती है और हम उसे। यह सोच हमारी जड़ों में है क्योंकि पुरुष सोच से बने भारतीय समाज में ऐसे अनेक विचार हैं जो जड़ में समाये हुए हैं। 

वो तो परायी घर से आयी है... यह ताना लगभग हर भारतीय घर में सुनने को मिल जाएगा। इस ताने में रिश्ते का कोई भेदभाव नहीं। दादी, नानी से लेकर माँ तक को यह उलाहना सुनना पड़ता है। इस ताने को लेकर हम लोग कभी आहत नहीं हुए और ना ही इस पर कभी कोई प्रतिकूल टिप्पणी की या विरोध दर्ज कराने की हिम्मत। यह ताना दरअसल हमारी जड़ों में है। पुरुष सत्तामक समाज की यह सबसे बड़ी कमजोरी है। जिस स्त्री ने हमें जन्म दिया, लालन-पालन किया। ईट-गारे से बने मकान को घर बनाया और अपनी उम्र स्वाहा करने के बाद भी वह हमारे लिए परायी है। माँ के गुणगान करने वाले गीतों में, आख्यान और प्रवचनों में कभी इस बात का विरोध दिखा नहीं। हम मानकर चलते हैं कि वो तो दूसरी है। दूसरे घर से आयी है। सारी उम्र खपा देने वाली स्त्री के समक्ष उपस्थित इस सवाल का कोई जवाब नहीं कि उसका अपना घर कौन सा है? मायका में वह परायी है और उसे दूसरे घर जाना है और ससुराल में वह परायी है क्योंकि वह दूसरे घर से आयी है। नारी सशक्तिकरण के तमाम दावों को झुठलाती यह स्थिति वास्तव में कालजयी सच है। 

इस पर जब हम मंथन करते हैं और पाते हैं कि भारतीय राजनीति में सशक्त भूमिका निभाने वाली सोनिया गांधी को बार-बार विदेशी महिला संबोधन दिया जाता है तो इस पर बहुत विलाप करने की जरूरत नहीं है। उनकी हालिया आत्मकथा को लेकर सहमति-असहमति हो सकती है लेकिन इस पर कभी सहमत नहीं हुआ जा सकता है कि वो परायी है। और अगर हम इस बात से सहमत हैं कि सोनिया गांधी परायी है तो निश्चित रूप से पुरुष सत्तामक सत्ता की आवाज इस बात की तस्दीक कर रहा है। माना कि सोनिया गांधी विदेशी मूल की हैं लेकिन अपनी उम्र का एक बड़ा हिस्सा और आज उम्र के जिस मुकाम पर हैं, तब वह एक भारतीय परिवार की बहू हैं, भारतीय बच्चों की माँ हैं, इस बात से कैसे इंकार किया जा सकता है। ऐसे अनेक प्रसंग को उन्होंने पूरी भावना के साथ लिखा है और बता दिया कि वे परायी नहीं हैं। फिर वही बात आती है कि जब हम अपनी ही माँ, बहन और भाभी को अपना नहीं मानते हैं तो सोनिया के लिए यह भाव और सोच अनुचित नहीं है।

इस परायेपन के बारे में जब थोड़ा और मंथन किया जाए तो मन बेबसी से भर उठता है। एक स्त्री जो मायके से ससुराल आकर अपना पूरा जीवन गुजार देती है और इस परायेपन की दंश को जानती है लेकिन वह भी अपनी बेटी से जब कहती है कि-‘तु तो परायी है, तुझे दूसरे घर जाना है’। माँ के मुँह से यह सुनकर बेटी का कलेजा मुँह में आ जाता होगा लेकिन परम्परा से बंधी बेटी बिना ना-नुकुर किए माँ की बात मान लेती है। मैं मनोविज्ञान का जानकार नहीं हूँ लेकिन अनुभव के आधार पर कह सकता हूँ कि माँ की यह बात सुनकर बेटी मान लेती है कि ना यह उसका घर है और जहाँ जा रही है, वह उसका घर होगा। अवचेतन में यह बात एक स्त्री, दूसरे स्त्री के मन में बिठा देती है और फिर वही होता है, जो हो रहा है। 

परायेपन का यह दंश खासतौर पर प्रेम-विवाह के संदर्भ में और भी गहरा जाता है। अखबार के पन्नों पर ऐसा कोई दिन नहीं होगा जब यह खबर ना छपे कि बेटी के प्रेम की सुनकर पिता, भाई या अन्य ने प्रेमी को मार डला। अंग्रेजी में इसे ऑनर किलिंग कहा जाता है। हत्या को भी ऑनर कहना ही अपने आप में वीभत्स संबोधन है। ऑनर किलिंग के पीछे की सोच है चार लोग क्या कहेंगे या कि वह लडक़ा समाज का य जाति का नहीं है। अब यहाँ विरोधाभाष देखिए कि लडक़ा परिवार के पसंद का नहीं है तो लडक़ी खुद की है और लडक़ा परिवार के पसंद का है तो उसे पराये घर जाना है। अजीब किस्म के द्वंद में जी रहे हैं हम। इस बात पर विमर्श करने के लिए हमें तैयार हो जाना चाहिए कि बेटी के मायका और ससुराल दोनों ही उसके घर हैं। ना तो वह मायके के लिए परायी है और ना ससुराल। इस सोच को बदलना होगा क्योंकि पुरुष के लिए दोनों घर अपने हैं तो बेटी के लिए परायेपन की सोच क्यों? (लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया शिक्षा से संबद्ध हैं)।तस्वीर गूगल से साभार


वो तो परायी घर से आयी है.....

वो तो परायी घर से आयी है प्रो. मनोज कुमार सुबह सुबह क्या, दिन में कई-कई बार नोंकझोंक पत्नी-पति में होना स्वाभाविक है। एक उलाहना लगभग सभी घ...